शिमलाः जिले के रामपुर उपमंडल की नोग वैली में रविवार दोपहर बाद भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे क्षेत्र में पकने के लिए तैयार सेब की फसल तबाह हो गई। ओलों से सेब की फसल दागी हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश भर में सोमवार और मंगलवार को कुछ स्थानों पर बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। 22 और 23 जून को पश्चिमी विक्षोभ का असर कम रहने का पूर्वानुमान है, जबकि 24 जून से फिर सक्रियता बढ़ेगी।
उधर, रामपुर की नोग वैली की डंसा पंचायत के कराली, जगुनी, रायाशरण, पनोली, थाना, सनई, बहाली, शांडल गांव और रचौली पंचायत के सनाथली, हलोग और जाबाया सुंधा में रविवार को हुई ओलावृष्टि से सेब की फसल को करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
वहीं, पिछले 24 घंटों में कांगड़ा के गुलेर में 42, गमरूर में 41, देहरा गोपीपुर में 34, चंबा के डलहौजी में 31, कोठी में 24, धर्मशाला में 23, भरमौर और रोहड़ू में 19, मनाली में 17, नगरोटा सूरियां में 14, गगल में 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी शिमला में दिनभर बादलों और धूप की लुकाछिपी रही।
लाखों पेटी सेब तैयार होता है नोग वैली में
रामपुर की नोग वैली में हर साल लाखों पेटी सेब का उत्पादन होता है। बागवानों ने प्रशासन और बागवानी विभाग से नुकसान का आकलन कर उन्हें मुआवजा देने की मांग उठाई है। ऐसा नहीं हुआ तो बागवानों की आर्थिकी पर विपरीत असर पडे़गा। बागवान पवन हुडेन, बंसी लाल, सूरज, दिनेश, सुंदर सिंह, लाइक, राम छतर, कैथ ने बताया कि ओलावृष्टि ने उनकी अच्छी फसल लेने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

