
मुस्कान,खबरनाउ
आज पंजाब विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे शुरू होगी।सीएम भगवंत मान द्वारा पारित विश्वास प्रस्ताव पर सदन में चर्चा के साथ ही मतदान होगा। हालांकि कांग्रेस इस विश्वासमत का सत्र के पहले दिन से ही विरोध करती आ रही है। इसके चलते सदन में आज भी हंगामा होने की पूरी संभावना है। पंजाब के इतिहास में यह दूसरी बार होगा जब विधानसभा में विश्वासमत पारित किया जाएगा. इससे पहले 1981 में पूर्व सीएम दरबारा सिंह के कार्यकाल में 8वीं विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव लाया गया था।
भाजपा पहले ही विश्वास प्रस्ताव को असंवैधानिक बता चुकी है और कहा है कि उसके 2 विधायक न तो विधानसभा में शामिल होंगे और न ही बहस में हिस्सा लेंगे। भाजपा के राज्य महासचिव सुभाष शर्मा ने कहा कि हम आम आदमी पार्टी की सरकार के असंवैधानिक कदम और विधानसभा के दुरुपयोग के खिलाफ राज्य भर में बाबा साहब आम्बेडकर की प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे।
27 सितंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया और कहा था कि यह आवश्यक हो गया था, क्योंकि राज्य में लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को गिराने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने हाथ मिलाया है।इसके अलावा सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी के पुलिस कस्टडी से भागने पर भी सदन में हंगामा हो सकता है।







