संवाददाता, शिमला: राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह पांच सितंबर को राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में होगा। सभी जिलों के शिक्षकों को राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुरस्कार देंगे। शारीरिक दूरी बनाए रखने को कुल 50 लोग ही कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे। पुरस्कृत होने वाले शिक्षक के साथ परिजनों के आने पर अभी संशय ही बना हुआ है।
शिक्षा विभाग तय नहीं कर पा रहा है कि पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक के साथ कितने परिजनों को आने की अनुमति दी जाए। 50 लोगों को कार्यक्रम में शामिल करने की शर्त के चलते विभागीय अधिकारी दुविधा में फंसे हुए हैं। राज्यपाल ने पांच सितंबर को पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री ने भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की हामी भर दी है। राजभवन में पर्याप्त स्थान नहीं होने के चलते राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ को बुक करवा लिया गया है। अब शिक्षकों के साथ आने वाले परिजनों को लेकर पेच फंसा हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक के जीवन का यह सबसे महत्वपूर्ण पल रहेगा।
ऐसे में एक परिजनों को साथ आने से रोकना ठीक नहीं रहेगा। कोरोना संकट को देखते हुए अधिक परिजनों के आने को भी मंजूरी नहीं दी जा सकती है। ऐसे में इस बाबत अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। उधर, संभावित है कि पुरस्कार के लिए चयनित होने वाले शिक्षकों की सूची 31 अगस्त को जारी हो जाएगी। इस बार 16 शिक्षकों को ही पुरस्कार के लिए चुना जा सकता है।


