संवाददाता, शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने दस स्नातकोत्तर कोर्स की परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। शनिवार को जारी शेड्यूल के मुताबिक 15 सितंबर से ये परीक्षाएं शुरू होंगी। शेष बचे पीजी साइंस, प्रोफेशनल कोर्स और डिप्लोमा कोर्स का शेड्यूल भी जल्द जारी किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी की ओर से जारी शेड्यूल में एमए इतिहास, अर्थशास्त्र, हिंदी, लोक प्रशासन, संस्कृति, समाज शास्त्र, एमए, एमएससी मैथ, एमकॉम, इंग्लिश, राजनीति शास्त्र की डेटशीट जारी की गई है।
इसे विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। डॉ. नेगी ने कहा कि यूजीसी नेट की तिथि निर्धारित किए जाने पर परीक्षा शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है। सभी परीक्षा केंद्रों को शेड्यूल की जानकारी भेज दी गई है। परीक्षा नियंत्रक ने सभी यूजी और पीजी कोर्स की परीक्षा दे रहे छात्रों और परीक्षा केंद्र में तैनात स्टाफ से परीक्षा संबंधित अपडेट के लिए नियमित तौर पर वेबसाइट देखने की सलाह दी है।


