संयुक्त भारतीय खेल फाउंडेशन (एसबीकेएफ) द्वारा नेपाल में 16 से 19 नवंबर तक आयोजित हुई सातवीं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में भारतीय टीम नेपाल को 24-53 से हराकर विजेता बनी है. भारतीय टीम ने श्रीलंका और दुबई टीमों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था और फाइनल मैच में भारतीय टीम ने नेपाल टीम को 24-53 से एकतरफा जीत हासिल की है. भारतीय कबड्डी टीम में हिमाचल के दो खिलाड़ी शामिल थे, जिनके प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने फाइनल मैच में नेपाल को हराया है, हिमाचल के जिला बिलासपुर के गांव भुवाई से राजन ठाकुर पुत्र चेत राम और जिला सोलन की ग्राम पंचायत जुखाड़ी के गांव चंबा से सुनील ठाकुर पुत्र मदन लाल इस कबड्डी टीम का हिस्सा थे.

चार दिन चली इस प्रतियोगिता में इन दोनों युवा खिलाडियों ने दमदार खेल दिखाकर अपनी टीम को अंतराष्ट्रीय कबड्डी का विजेता बनाया है. सोमवार को स्वारघाट पहुंचने पर दोनों खिलाडियों का स्थानीय लोगों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया. दोनों युवा खिलाडियों का स्थानीय लोगों ने हार पहनाकर और नारे लगाकर स्वागत किया


