शिमला : सामाजिक क्षेत्र में जनता की भलाई के लिए काम कर रहे सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से एक बार फिर कपड़ा बैंक की शुरुआत की जा रही है | कपड़ा बैंक 4 दिसंबर से शुरू किया जाएगा | शिमला के संजौली बस स्टैंड, न्यू शिमला नजदीक अक्षरधाम मंदिर, रिज़ मैदान, शिमला एवं टुटु चौक, बस स्टैंड पर ट्रस्ट के कार्यकताओं की ओर से वस्त्र एकत्र किए जाएंगे | सर्दियों के मौसम में हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड की वजह से खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह परेशानी गरीब तबके के लोगों के लिए और भी ज्यादा होती है। क्योंकि उनके पास पहनने के लिए कपड़े नहीं होते। ऐसे में सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से इन लोगों को कपड़े बांटे जाएंगे। ट्रस्ट इसके लिए यूनिवर्सिटी-कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ प्रदेश भर के लोगों का सहयोग लेता है। संपन्न समाज से जुड़े लोग अपने पुराने कपड़े देख कर किसी का भला कर सकते हैं।
ट्रस्ट के सचिव सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट प्रत्येक वर्ष विभिन्न कार्यक्रम समाज एवं राष्ट्र हित में करवाता आ रहा है और हर वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी वस्त्र बैंक कार्यक्रम में लोग अपना सहयोग दें, ताकि यह वस्त्र किसी जरूरतमंद व्यक्ति के काम आ सकें. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर लोग इन स्टॉल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, तो वह ट्रस्ट से संपर्क कर अपना पता बता दें और ट्रस्ट के कार्यकर्ता स्वयं उनके घर आकर कपड़े ले जाएंगे. उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंदों की मदद करना एक मानव धर्म है, जिसे ट्रस्ट निभाने की पूरी कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट हर साल जरूरतमंदों की मदद के लिए शिमला में वस्त्र बैंक अभियान चलाता है. इस वर्ष भी सर्दियों को देखते हुए ट्रस्ट लोगों से पुराने कपड़े लेकर गरीबों को देने का अभियान शुरू किया गया है. उन्होंने कहा कि संपन्न समाज के लोग कपडे दान कर बड़ा उपकार का काम कर सकते हैं |उन्होंने कहा कि सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में सुधार के लिए भी काम कर रहा है। गरीब तबके से जुड़े लोगों को पढ़ाई में भी समर्थन दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट ने जरूरतमंद तबके तक पहुंचकर उनकी मदद करने का काम किया। उन्होंने सभी लोगों से भी आगे आकर मदद की अपील की है। प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट से जुड़ा हर कार्यकर्ता नि:स्वार्थ भाव से अपने दायित्व का निर्वहन कर रहा है।


