ख़बरनाउ ब्यूरो: नए साल में हिमाचल में वर्ल्ड हैरिटेज शिमला-कालका ट्रैक पर दौड़ने वाली टॉय ट्रेन नए लुक में नजर आएगी। जानकारी मुताबिक़ कई अल्ट्रा मॉडर्न सुविधाओं के साथ -साथ जल्द ही ट्रेन में टूरिस्ट विस्टाडोम यानि पारदर्शी कोच वाले ट्रेन के सफर का आनंद ले सकेंगे।
नए साल में नया लुक देने के लिए कपूरथला रेल कोच फैक्ट्री में 30 नए विस्टाडोम कोच बन रहे हैं, जिनका काम आखिरी चरण में है। ऐसे में कुछ विस्टाडोम कोच जो छत और खिड़कियों से पारदर्शी दिखाई देते हैं, दिसंबर के आखिर में बनकर तैयार हो जाएंगे। नए साल में शिमला घूमने आने वाले लोग विस्टाडोम कोच में ही सफर का लुत्फ उठाएंगे।
सफ़र को यात्रियों के लिए आरामदायक बनाने के लिए एक्स्ट्रा स्पेस दी जाएगी। यात्री सीटों को चारों तरफ घुमा भी सकेंगे। इसके अलावा
दिव्यांगों के लिए भी सुविधाएं होंगी, ताकि दिव्यांगों को व्हील चेयर से आने-जाने में कोई परेशानी न हो सके। दिव्यांगों के लिए डोर चौड़े होंगे, ताकि व्हील चेयर आसानी से आ सके। इसके अलावा कोच में पैसेंजर इन्फॉर्मेशन सिस्टम के अलावा वाईफाई होगा, ताकि लोग काम या मनोरंजन भी कर सकें। सेंसर सिस्टम से दरवाजे काम करेंगे।
ग़ौरतलब है कि साल 2019 में शिमला कल्क हेरिटेज ट्रैक पर उत्तर रेलवे ने विस्टाडोम कोच वाली ट्रेन चलाई थी, लेकिन कोरोना काल के बाद से इसे बंद किया गया। अब नए आधुनिक कोच बनाए गए हैं। नए कोच का किराया भी अभी रेलवे की ओर से तय किया जाएगा।

