खबरनाउ ब्यूरो: चंडीगढ़ वासियों के लिए खुशखबरी है। साल 2028 तक चंडीगढ़ में हर घर पीने का पानी 24 घंटे उपलब्ध हो सकेगा । चंडीगढ़ नगर निगम इस पर लम्बे समय से काम कर रहा है और आने वाली 16 दिसंबर को निगम और फ्रांस सरकार के एजेंसे फ्रांसेंस डी डेवलपमेंट(AFD) के बीच अंतिम समझौते पर दस्तखत होंगे।
जानकारी मुताबिक इस जनवरी में निगम इस प्रोजेक्ट के सम्बन्ध में टेंडर जारी कर सकती है। इस प्रोजेक्ट की कीमत 512 करोड़ रुपए बताई जाती है। चंडीगढ़ प्रशासन ने प्रोजेक्ट को लेकर AFD के साथ साल 2016 में एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर दस्तखत किए थे। उस समझौते के तहत AFD चंडीगढ़ में पानी की सप्लाई, सेनिटेशन और वेस्ट मैनेजमेंट और अन्य सेक्टर पर सहयोग के लिए राजी हुआ था। जिस एजेंसी को यह प्रोजेक्ट शुरू करने का काम दिया जाएगा उसे पांच वर्षों में इसे पूरा करना होगा।
प्रोजेक्ट की शुरुआत सात साल पहले की गई थी। चंडीगढ़ के प्रशासक बीएल पुरोहित ने बीते साल मनीमाजरा में इस प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखी थी। इस प्रोजेक्ट कोके तहत लोगों के घरों में पानी के स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे जिसकी मदद से शहरवासी इस्तेमाल होने वाले पानी की मॉनिटरिंग कर पाएंगे। इससे उनका बिल भी कम आएगा और ग्राउंड वाटर पर निर्भरता भी कम होगी।







