खबरनाउ,ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मंदिरों में भंडारे लगाने के लिए श्रद्धालुओं को एक साल इंतजार करना पड़ेगा. साल 2023 में भंडारों के लिए पहले ही एडवांस बुकिंग हो गई है, जिस वजह से शिमला के संकटमोचन, तारादेवी और जाखू मंदिर में अब कोई नई बुकिंग नहीं होगी. क्योंकि इस शक्तिपीठों में अगला साल 2023 पूरा बुक है. इन मंदिरों में हफ्ते के 3 दिन भंडारों का आयोजन किया जाता है. रविवार के दिन सबसे बड़ा भंडारा रखा जाता है, जिसके लिए काफी संख्या में बुकिंग श्रद्धालु करा रहे हैं और कई करा चुके हैं.
शिमला के शक्तिपीठों में UK, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फिलिपिंस समेत भारत के गुजरात, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और मुंबई से एडवांस बुकिंग आई है. 2022 में तारादेवी मंदिर में 52 भंडारे कराए गए. संकटमोचन मंदिर में 49 और जाखू मंदिर में 47 भंडारे दिए गए. 2023 के लिए संकटमोचन मंदिर में 42 भंडारों की एडवांस बुकिंग हुई है. तारादेवी और जाखू मंदिर में भी 45 भंडारे दिए जाने हैं. संकटमोचन मंदिर प्रबंधक अनूप चौहान का कहना है कि कोरोना काल के बाद ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग ज्यादा आई हैं. इससे पहले के भंडारों की बुकिंग की बारी भी अभी तक नहीं आई है.

