खबरनाउ, ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र डलहौजी से चुनावों में जीत दर्ज कर विधायक बने डीएस ठाकुर ने अपना वेतनमान गरीब परिवारों की बेटियों की शादी पर खर्च करने का निर्णय लिया है. विस चुनाव में जीत के एक सप्ताह में उठाए गए इस फैसले की सराहना हो रही है. विधायक डीएस ठाकुर ने घोषणा की है कि उन्हें हर माह मिलने वाले विधायक मानदेय को वे अपने या अपने परिवार के लिए खर्च नहीं कर डलहौजी क्षेत्र की गरीब बेटियों की शादी के लिए खर्च करेंगे. कहा कि गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली बेटियों के विवाह पर जो भी खर्च आएगा, उसे वह अपने मानदेय से वहन कर धूमधाम से उनकी शादी करेंगे.
कहा कि चुनाव में जीत हार तो चली रहती है. जनसेवा करना ही राजनेता का कर्त्तव्य होना चाहिए. जब से वह राजनीति के मैदान में उतरे है. उसी दिन उन्होंने निर्णय कर लिया था कि वह अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा में लगाएंगे. पहले विस चुनाव में उन्हें जनता ने नकार दिया. लेकिन, इस हार ने भी उनका मनोबल नहीं तोड़ा. अब उन्होंने विधायक के मानदेय के रूप में मिलने वाले पैसों को निर्धन बेटियों की शादी में खर्च करने का निर्णय लिया है. भाजपा विधायक डीएस ठाकुर के इस फैसले पर उनके परिवार ने भी खुशी जताई है.


