खबरनाउ ब्यूरो: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के आज 100 दिन पूरे हो रहे हैं और इस मौके पर जयपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘भारत जोड़ो कंसर्ट’ का आयोजन किया गया है, जिसमें हिमाचल प्रदेश के नव निवार्चित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और वहां के कांग्रेस विधायक भी शामिल होंगे। यात्रा की अगुवाई कर रहे राहुल गांधी यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। राहुल गांधी दोपहर में दौसा में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
वहीं शाम को कांग्रेस पार्टी जयपुर में एक संगीत कार्यक्रम आयोजित करेगी जिस कार्यकर्म में बॉलीवुड गायिका सुनिधि चौहान प्रस्तुति देंगी। इसमें राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने अब तक आठ राज्यों- तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है। 2,800 किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर चुके राहुल अपने समर्थकों के साथ-साथ आलोचकों का भी ध्यान आकर्षित करने में कामयाब रहे हैं।
जानकारी मुताबिक यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और लगभग आठ दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अंत में जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ेगी। इसमें पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्मी और टीवी हस्तियों के साथ-साथ समाज के कई अन्य वर्गों के लोगों की भागीदारी देखी गई है। पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास, शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुप्रिया सुले और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन सहित कई अन्य हस्तियां भी समय-समय पर इस पदयात्रा में शामिल हुई हैं।


