खबरनाउ ब्यूरो: पंजाब में औद्योगिक विकास को रफ़्तार देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार देर शाम चेन्नई पहुंचे। मुख्यमंत्री मान चेन्नई और हैदराबाद के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहाँ मुख्यमंत्री प्रमुख क्षेत्रों में निवेश और रणनीतिक गठजोड़ के लिए व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों और प्रमुख कंपनियों से आज मिलेंगे। वहींदौरे के दूसरे दिन यानि कल मंगलवार को सीएम हैदराबाद में उद्योगपतियों के साथ संवाद बैठक करेंगे।
बता दें कि राज्य सरकार द्वारा 23-24 फरवरी को मोहाली में आयोजित किए जा रहे इन्वेस्टमेंट समिट के लिए सीएम आधिकारिक तौर पर उद्योगपतियों को निमंत्रण देंगे। इस पर सीएम भगवंत मान ने राज्य को औद्योगिक हब बनाने के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य को औद्योगिक विकास के उच्च विकास पथ की कक्षा में स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के बड़े औद्योगिक केंद्रों के दौरे से एक ओर जहाँ राज्य के औद्योगिक विकास को और गति मिलेगी तो दूसरी ओर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
आर्थिक मोर्चे पर गंभीर चुनौतियां का सामना कर रहे पंजाब के लिए निवेश की ज़रूरत है जो राज्य में इंडस्ट्रियल ग्रोथ के साथ-साथ रोज़गार के अवसर भी खोलेगा। गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर में सीएम मान ने निवेश आकर्षित करने के लिए जर्मनी का दौरा भी किया था।


