खबरनाउ, ब्यूरो: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का काम काफी तेज़ी से चल रहा है. पंजपीरी के रास्ते स्वारघाट के लिए छोटी गाडिय़ों की आवाजाही भी शुरू कर दी गई है. लेकिन तुन्नू टनल के भीतर पेवमेंट क्वालिटी कंकरीट (पीक्यूसी) को डालने का कार्य किया जाना है, जिलके चलते 1 से लेकर 10 जनवरी तक फोरलेन पर छोटी गाडिय़ों की आवाजाही बंद रहेगी. इस कार्य के लिए दस दिन का समय लगेगा लिहाजा दस जनवरी के बाद ही छोटी गाडिय़ों के लिए फोरलेन को शुरू किया जाएगा. केंद्र सरकार ने गरामोड़ा से लेकर भवाणा मंडी तक फोरलेन को तैयार करने के लिए जून 2024 का लक्ष्य रखा है, लेकिन पहली अप्रैल, 2023 से यह फोरलेन यातायात के लिए शुरू हो जाएगा.
इस 47 किलोमीटर के फोरलेन में छोटी-बड़ी पांच टनल और 22 मुख्य व 14 छोटे पुलों का निर्माण हो रहा है. फोरलेन में 48 छोटे बड़े पुलों का निर्माण कार्य भी जारी है, जिसमें से अब तक 22 मुख्य पुलों में से लगभग 18 पुल तैयार हो चुके हैं और छह बड़े पुल निर्माणाधीन है.इसके अतिरिक्त 16 छोटे पुलों में से 14 पुल तैयार हो चुके हैं और बाकी दो पुल निर्माणाधीन हैं, जिसका निर्माण समय पर पूरा किया जाएगा.कीरतपुर-नेरचौक पर बनाई जा रही पांच टनलके दोनो छोर पहले भी मिल चुके हैं.


