ब्यूरो,खबरनाउ: हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जहां बेसहारा बच्चों के लिए सुख आश्रय कोष का गठन किया है, तो वहीं अब नए साल के अवसर पर उन्होंने कांग्रेस सरकार की पहली योजना को भी जनता को समर्पित किया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मनाली विंटर कार्निवाल में पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बुजुर्गों, मूक बधिर, एकल महिला सहित पीडि़त महिलाओं का ख्याल रखने के लिए सरकार के द्वारा इंटीग्रेटिड संस्थान खोले जाएंगे।
ये संस्थान शिमला, कांगड़ा और सुंदरनगर में खोले जाएंगे और इसके लिए सामाजिक कल्याण विभाग के द्वारा कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन तीनों ही संस्थानों में बुजुर्ग, मूकबधिर व पीडि़त महिलाओं की सेवा की जाएगी और सरकार के द्वारा उनकी विशेष रूप से मदद भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली ही कैबिनेट की बैठक में सरकार पहले नया साल का तोहफा देते हुए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेगी। इसी के साथ महिलाओं को भी पांच साल के अंदर 15 सौ रुपए 18 वर्ष से ऊपर वालों को 60 साल की उम्र तक दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बार-बार कैबिनेट न बनने और गारंटी योजनाओं को लेकर सवाल उठाते रहते हंै। उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए नहीं, हम व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के साथ कार्य किया जाएगा।


