संवाददाता, शिमला: सूबे के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉक्टर जनक राज ने आज एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। डॉ. जनक राज ने इस दौरान कोरोना से जुड़े तमाम मुद्दों के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि देश के साथ प्रदेश में भी लगातार कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे में सभी को चहिए कि वह अपना ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कोरोना संकटकाल में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज की पूरी टीम ने बेहतरीन काम किया है और लगातार कोरोना से लड़ाई में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण उनके एक डॉक्टर संक्रमित हुए हैं और बाकी पूरा स्टाफ लगातार सेवा में जुटा हुआ है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल माना जाता है और यहां प्रदेश के तमाम जिलों से लोग इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इस अस्पताल की बहुत अधिक अहमियत है और इसका सुचारू रूप से चलना बेहद आवश्यक है ताकि लोगों को समय पर इलाज मिल सके। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर ने कहा कि इस समय देश के साथ में पूरे प्रदेश में कोरोना के मामले पीक की ओर बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में और अधिक मामले बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में कोरोना के मामले और अधिक तेजी से बढ़ने की संभावना प्रबल है। उन्होंने लोगों को इस दौरान अधिक एहतियात बरतने के लिए अपील की है।

