स्पेशल डेस्क, मुंबई : महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने अभिनेत्री कंगना रनौत के बयानों पर सख़्त टिप्पणी करते हुए कहा है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति को मुंबई में रहने का अधिकार नहीं है जिसे लगता है कि वो मुंबई में सुरक्षित नहीं है। अनिल देशमुख ने ट्वीट में लिखा है,”मैं महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस पर लगाए गए एक अभिनेत्री के आरोपों की कड़ी निंदा करता हूँ। हमारी पुलिस बहादुर है और वो राज्य भर में अपनी ड्यूटी निभाने और कानून व्यवस्था का पालन करवाने में सक्षम है। जिसे भी महसूस होता है कि वो यहाँ सुरक्षित नहीं, उसे यहाँ रहने का कोई हक़ नहीं है।”

इस बीच, कंगना रनौत ने शुक्रवार को कहा है कि वो 9 सितंबर को मुंबई लौट रही हैं। वहीं उन्होंने एक ट्वीट में लिखा है – “मैं देख रही हूँ कि कई लोग मुझे मुंबई नहीं लौटने की धमकी दे रहे हैं, इसलिए मैंने अगले सप्ताह 9 सितंबर को मुंबई जाने का फ़ैसला किया है।” दरअसल पिछले कुछ समय से कंगना अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर लगातार मुंबई पुलिस के काम पर सवाल उठा रही हैं।
गुरूवार को उन्होंने एक ट्वीट में लिखा – “एक बड़े स्टार के मारे जाने के बाद मैंने ड्रग और फ़िल्म माफ़िया के रैकेट के बारे में आवाज़ उठाई है। मैं मुंबई पुलिस पर भरोसा नहीं करती क्योंकि उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की शिकायत को नज़रअंदाज़ किया था। उन्होंने सबसे कहा था कि वो लोग उसे मार देंगे, बावजूद इसके उन्हें मार दिया गया। मैं असुरक्षित महसूस करती हूं, क्या इसका ये मतलब है कि मैं फ़िल्म इंडस्ट्री या मुंबई से नफ़रत करती हूं।”


