पूनम मैहता, शिमला: शुक्रवार को हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रदेश के परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए आज से राज्य में तीन रूटों पर रात्रि बसों के संचालन का निर्णय लिया है। परिवहन मंत्री ने बताया कि चम्बा-शिमला-चम्बा रूट पर हर रोज बस का संचालन शाम 5 बजे चम्बा से और शाम 06:30 बजे शिमला से किया जाएगा। साथ ही मनाली-शिमला-मनाली रूट पर बस का संचालन सायं 7 बजे मनाली से और सांय 8 बजे शिमला से किया जाएगा। इसके अलावा धर्मशाला-शिमला-धर्मशाला रूट पर बस का संचालन रात 09:30 बजे धर्मशाला से और रात 09:30 बजे ही शिमला से किया जाएगा।
प्रदेश के तमाम इलाकों से लोगों का राजधानी शिमला में आवागमन होता है। रात्रि बसों के संचालन से लोगों के समय की बचत भी होगी और इन रात्रि बसों के यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर अन्य क्षेत्रों से भी रात्रि बसों का संचालन आरम्भ किया जाएगा। निगम के क्षेत्रीय और उपमण्डलीय प्रबन्धकों को कर्मचारियों के लिए हैंड सैनिटाइजर, मास्क, गल्व्ज़ और फेस शील्ड नियमित रूप से उपलब्ध करवाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें यात्रियों की COVID19 से सुरक्षा के दृष्टिगत प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।

