संवाददाता, ऊना: विधानसभा क्षेत्र हरोली के तहत भदसाली गांव में पानी की टंकी बनाने को लेकर हुए जमीनी विवाद में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अश्विनी कुमार पुत्र देसराज निवासी गांव भदसाली तहसील हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में पंचायत प्रधान से भी आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान प्रधान ने किसी तरह आरोपियों के चुंगल से छूटकर खेतों में भागकर अपनी जान बचाई।
इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने राजस्व विभाग में कार्यरत चौकीदार पर गोली चला दी। गोली लगने से घायल हुए अश्वनी कुमार को लोगों की मदद से उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी अर्जित सेन ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


