स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग का आगाज इस बार यूएई में आयोजित होने वाला है। भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते बीसीसीआई ने इस देश से बाहर आयोजित करने का फैसला किया। आईपीएल का आगाज 19 सितंबर से होने वाला है और फाइनल 10 नवंबर को खेला जाएगा। सभी आईपीएल टीमें यूएई की धरती पर कदम रख चुकी है। कुछ टीमों ने अपना बेस दुबई बनाया है, तो कुछ टीमें अबु धाबी में रुकी हैं। टूर्नामेंट शुरू होने में अभी कुछ दिन बाकी हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग का नया शेड्यूल रविवार को जारी कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अनुसार, टूर्नमेंट का पहला मैच मैच चेन्नै सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच 19 सितंबर को अबुधाबी में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। फिलहाल लीग मैचो के शेड्यूल का ही ऐलान किया गया है। प्लेऑफ की तारीखों और मैदान का ऐलान बाद में किया जाएगा।

13वें सीजन में 10 डबल हेडर यानी दिन में दो मैच शामिल हैं और शाम के मैचों की शुरुआत अब आधे घंटे पहले शाम 7:30 बजे भारतीय समयानुसार होगी। बता दें कि आईपीएल के 13वें एडिशन का आयोजन पहले मार्च से होना था लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण इसे स्थगित कर दिया गया।


