स्पेशल डेस्क,लाहौल-स्पीति : भारत-चीन सीमा विवाद के बीच जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के समदो बॉर्डर पर सेना और आईटीबीपी के जवान अलर्ट पर है। यहां आईटीबीपी की तीन बटालियन को तैनात किया गया है, जो दिन रात सीमा पर पेट्रोलिंग के साथ चीन की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। मई माह में चीन के दो हेलिकाप्टर स्पीति इलाके में 12 किलोमीटर तक अंदर आने के बाद आईटीबीपी के जवान पूरी तरह से मुस्तैद है। बताया जा रहा है कि बबेली स्थित आईटीबीपी कैंप के जवानों को भी समदो बॉर्डर पर तैनात किया गया है।
वहीं मनाली लेह मार्ग पर सेना के वाहनों की आवाजाही जारी है। 15 और 16 जून को लद्दाख की गलवां घाटी में भारत-चीन सैनिकों के बीच झड़प के बाद से कुल्लू-मनाली से होकर सेना लगातार लेह की तरफ मूवमेंट कर रही है। बीआरओ भी सतर्क है और 473 किलोमीटर लंबे मनाली-लेह मार्ग को यातायात के लिए बहाल रखा जा रहा है। बीआरओ ने हर जगह मशीनरी को तैनात कर रखा है ताकि, किसी भी आपात स्थिति में बंद सड़क को तुरंत खोला जा सके। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि लाहौल-स्पीति में स्थिति सामान्य है।


