स्पेशल डेस्क,चंडीगढ़: स्मार्ट सिटी रैंकिंग में चंडीगढ़ ने लंबी छलांग लगाई है। छह माह पहले चंडीगढ़ 83वें स्थान पर था लेकिन तेजी से प्रोजेक्ट के टेंडर होने से ताजी रैंकिंग में चंडीगढ़ 33वें स्थान पर आ गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि सीवर ट्रीटमेंट प्लांट और मनीमाजरा में सातों दिन 24 घंटे पानी सप्लाई का प्रोजेक्ट जुड़ने के बाद रैंकिंग में और सुधार आएगा।
स्मार्ट सिटी के सीईओ केके यादव ने बताया कि केंद्रीय आवास व शहरी विकास मंत्रालय की ओर से साल में एक बार बैठक होती थी, जिसमें मंत्रालय की ओर से सभी स्मार्ट सिटी को प्रोजेक्ट के आधार पर रैंकिंग दी जाती थी। लेकिन अब यह बैठक हर माह आयोजित की जाने लगी है। हाल ही में जारी की गई रैंकिंग में चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी को 42.76 अंकों के साथ 33वां स्थान मिला है जबकि 2019 में शहर 83वें नंबर पर था।
स्मार्ट सिटी के जीएम एनपी शर्मा का कहना है कि पहले हम लोगों ने प्रोजेक्ट को रिव्यू किया था। अब जैसे ही टेंडर हो रहे हैं, रैंकिंग में सुधार हो रहा है। हाल ही में 5 एसटीपी का टेंडर हुआ है, वहीं मनीमाजरा में सातों दिन 24 घंटे पानी सप्लाई का टेंडर होने के बाद रैंकिंग में बेहतर सुधार आएगा और चंडीगढ़ टॉप 20 में होगा।







