स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली: पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज एमएस धोनी इस दिनों आईपीएल में बिजी हैं। धोनी की टीम 19 सितंबर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ ओपनिंग मैच से अपने अभियान का आगाज करेगी। सोशल मीडिया पर काफी कम एक्टिव रहने वाले धोनी ने गुरुवार को राफेल के भारतीय वायु सेना में शामिल होने पर बधाई देते हुए ट्वीट किया। मगर इस ट्वीट के बाद वो ट्रोल होने लगे। महेंद्र सिंह धोनी ने लिखा कि वायु सेना के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन में राफेल के शामिल होने पर बधाई। हम उम्मीद करते हैं कि राफेल मिराज-2000 को पीछे छोड़ देगा, लेकिन सुखोई मेरा अब भी पसंदीदा है और अब जवानों को डॉगफाइट के लिए एक और नया लक्ष्य मिल गया है।
वहीं दुनिया के सर्वश्रेष्ठ 4.5 जनरेशन के लड़ाकू विमानों के शामिल होने के साथ ही इन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन फाइटर पायलट भी मिल गए हैं। हमारे काबिल पायलटों के हाथों और भारतीय वायु सेना के अलग-अलग विमानों के बीच इस विमान की ताकत और ज्यादा बढ़ेगी। इस ट्वीट के बाद धोनी ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए। कुछ ट्रोलर्स ने तो यहां तक कह दिया कि उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत के बारे में एक भी ट्वीट नहीं किया। वहीं कुछ ने कहा कि धोनी ने जो कहा वो समझ तो नहीं आया, मगर सुनकर अच्छा लगा। धोनी के एक फैन ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल आपको आसान शब्दों का इस्तेमाल करने की जरूरत है।







