स्पेशल डेस्क : सुशांत सिंह राजपूत की मौत से शुरू हुई नेपोटिज्म की बहस, गुटबाजी, खेमेबाजी से होते हुए अब ड्रग्स तक आ पहुंची है। अभिनेत्री कंगना रणौत कभी मुंबई की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से कर देती हैं तो कभी बॉलीवुड के कई सितारों पर ड्रग्स लेने का आरोप लगा देती हैं। बॉलीवुड के ड्रग कनेक्शन को लेकर संसद में पहले रवि किशन और फिर जया बच्चन के बयान के बाद मामला बढ़ता दिख रहा है। अब अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने कंगना रणौत पर निशाना साधा और कहा कि वो विक्टिम कार्ड खेलना बंद करें।
एक वेब चैनल से बात करते हुए उर्मिला मातोंडकर ने कहा कि कंगना बेवजह कभी विक्टिम तो कभी वुमन कार्ड खेल रही हैं। उन्होंने कंगना को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें ड्रग्स की समस्या से लड़ना है तो सबसे पहले अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश से इसकी शुरुआत करनी चाहिए। वहीं कंगना के मुंबई की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से करने वाले बयान पर उर्मिला कहती हैं कि ‘इसमें कोई शक नहीं कि मुंबई सभी की है। जिसने भी इस शहर से प्यार किया इस शहर ने उसे उतना ही दिया। शहर की एक बेटी के रूप में मैं इस अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ हूं। जब आप इस शहर के बारे में इस तरह के बयान दे रहे हैं तो यह केवल शहर के लिए नही बल्कि यहां के लोगों के लिए भी है।’
उर्मिला कहती हैं कि ‘पूरा देश ड्रग्स के खतरे का सामना कर रहा है। क्या उन्हें (कंगना) पता है कि ड्रग्स की उत्पत्ति हिमाचल से हुई? उन्हें सबसे पहले अपने राज्य से इसकी शुरुआत करनी चाहिए।’ कंगना ने अपने ट्वीट में कहा था कि वो ड्रग कनेक्शन का खुलासा करेंगी इस पर उर्मिला ने कहा कि ‘टैक्स देने वालों के पैसों से उन्हें वाई सिक्योरिटी की सुरक्षा क्यों दी गई है जबकि उन्होंने अभी तक ड्रग से जुड़े लोगों का खुलासा नहीं किया है।’

