8 जुलाई 2025, हिमाचल प्रदेश: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर की लोकप्रिय स्वास्थ्य योजना अस्पताल – सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की मोबाइल मेडिकल वैनें बाढ़ व बारिश प्रभावित धर्मपुर व थुनाग में राहत सामग्री, आवश्यक दवाएँ व सेनेट्री पैड का वितरण आरम्भ कर आपदा में राहत पहुँचाने का कार्य कर रही हैं। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफ़ेसर प्रेम कुमार धूमल जी ने समीरपुर से इन वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर बोलते हुए श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ विगत कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश भारी बारिश व जगह जगह बादल फटने की घटना से प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहा है। प्रदेश के कई ज़िलों में इस आपदा के चलते सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के धर्मपुर व मंडी ज़िले के कई अन्य हिस्सों में बारिश ने भयंकर तबाही मचाई है। आपदा का यह रूप अत्यंत हृदयविदारक है और इसी को देखते हुए मैंने अस्पताल – सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जाकर पूरे सेवा भाव से राहत और बचाव कार्य को गति देने का आग्रह किया है ।”
श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय प्रोफ़ेसर प्रेम कुमार धूमल जी ने कई गणमान्यों की उपस्थिति में आज समीरपुर से इन मोबाइल मेडिकल वैनों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इन मोबाइल मेडिकल वैनों ने बाढ़ व बारिश बुरी तरह प्रभावित धर्मपुर व थुनाग क्षेत्र में राहत सामग्री, दवाओं का वितरण, बीमारों की जाँच व ज़रूरतमंद माताओं-बहनों को सेनेट्री पैड का वितरण करने का काम शुरू कर दिया है। आगे भी आवश्यकतानुसार अन्य दुर्गम क्षेत्रों में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की और गाड़ियों को भेजकर लोगों का दुःख-दर्द बाँटने व उन्हें राहत पहुँचाने का कार्य किया जायेगा

