13 सितंबर 2025, हिमाचल प्रदेश/ पुणे: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आगामी 75 वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में पुणे में राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी द्वारा स्वास्थ्य व पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली के महत्व को लेकर जागरूकता अभियान के अन्तर्गत ‘पुणे ऑन पेडल्स’ और ‘पुणे वॉकेथॉन’ का शुभारंभ कर अच्छे स्वास्थ्य को बनाये रखने की दिशा में व्यायाम और शारीरिक क्रियाकलापों की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री मोदी जी की माँ पर आधारित जारी किए गए एआई-जनरेटेड वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “सभी के जीवन में जन्म देने वाली मां का स्थान बड़ा होता है, लेकिन कांग्रेस और राजद इतना नीचे गिर गए हैं कि उन्होंने मोदी जी की स्वर्गीय माँ का एआई वीडियो बनाकर कर उसे ग़लत भावना से दुष्प्रचारित किया। कांग्रेस ने न केवल प्रधानमंत्री, बल्कि उनकी मां का भी अनादर किया है। जिस मां ने कठिन परिस्थितियों में अपने बेटे को पाला-पोसा और प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा में अहम भूमिका निभाई, उनका इस प्रकार मजाक उड़ाना शर्मनाक है।इससे पता चलता है कि कांग्रेस की मानसिकता क्या है। क्या राजनीति में इतना गिरना जरूरी है? पहले तो कांग्रेस ने माफी नहीं मांगी, इसके उलट दूसरी बार फिर वही गलती की। इसके लिए बिहार और पूरे देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। आने वाले चुनाव में राजद और कांग्रेस को बड़ा झटका झेलना पड़ेगा”






