दिनांक : 05/02/26
शिमला : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शिमला महानगर द्वारा विद्यार्थी परिषद के संगठन शिल्पी, विचारक एवं राष्ट्रनिष्ठ कार्यकर्ता स्वर्गीय प्रो. यशवंत राव केलकर के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अभिवाचन कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रवादी विचारधारा, संगठनात्मक चेतना तथा बौद्धिक विमर्श को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसमें शिमला महानगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से जुड़े विद्यार्थी, कार्यकर्ता एवं बौद्धिक वर्ग की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्रीमान देवदत्त जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने प्रो. यशवंत राव केलकर के जीवन, उनके संगठनात्मक प्रयोगों तथा विद्यार्थी परिषद को एक सशक्त राष्ट्रवादी छात्र संगठन के रूप में खड़ा करने में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केलकर जी का जीवन यह सिखाता है कि विचारों की स्पष्टता, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के माध्यम से छात्र शक्ति को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया जा सकता है। आज के विद्यार्थियों को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यार्थी परिषद के पूर्व कार्यकर्ता श्री सुफल सूद ने की। अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यशवंत राव केलकर जी का चिंतन केवल संगठन तक सीमित नहीं था, बल्कि वह संपूर्ण समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को केलकर जी के विचारों को आत्मसात कर उन्हें व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है, ताकि संगठन की वैचारिक मजबूती के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।

अभिवाचन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा यशवंत राव केलकर जी के जीवन, विचार एवं संगठनात्मक दर्शन पर आधारित विभिन्न पाठों का वाचन किया गया, जिससे उपस्थित सभी लोगों को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को गहराई से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्मरण करना नहीं, बल्कि उनके विचारों को आज की पीढ़ी तक पहुँचाना और उन्हें व्यवहारिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शिमला महानगर ने यह संकल्प व्यक्त किया कि यशवंत राव केलकर जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूरे वर्ष विभिन्न बौद्धिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से उनके विचारों को विद्यार्थियों और समाज तक पहुँचाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ किया गया।

