सहकार भारती चंडीगढ़ आयोजित करेगा कार्यक्रम, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की दी सैद्धांतिक स्वीकृति
चंडीगढ़। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, सहकारी उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिला उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहकार भारती चंडीगढ़ (पंजीकृत) की ओर से नवंबर 2026 में ‘महिला सशक्तिकरण में सहकारिता की भूमिका’ विषय पर सेमिनार-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सहकार भारती चंडीगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों और आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में आयोजित सहकार भारती के सेमिनार में राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित सेमिनार-सह-प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में महिला सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य सामुदायिक संगठनों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं को सहकारी उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक महिलाओं को उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के दौरान राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रस्तावित कार्यक्रम के उद्देश्यों की सराहना की और नवंबर में आयोजित होने वाले सेमिनार-सह-प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग का आश्वासन भी दिया। सहकार भारती चंडीगढ़ के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्यपाल की उपस्थिति से कार्यक्रम को प्रोत्साहन मिलेगा और महिलाओं को सहकारी क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के साथ महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।