कालका : आज पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय, सवाणु में अंतर्राज्यीय सीमा तालमेल सामंजस्य और सहयोग स्थापित करने के लिए पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय परवानू में बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पुलिस उप अधीक्षक परवाणू अनिल शर्मा ने की।
इस बैठक में एस एच ओ थाना कालका मनसा राम, एस एच ओ थाना पिंजौर बच्चू सिंह, ट्रैफिक पुलिस कालका-पिंजौर, एस एच ओ परवाणू तथा एस एच ओ धर्मपुर ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य अंतर्राज्यीय सीमा पर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आपसी तालमेल और सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
इस दौरान सीमा क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से निपटने हेतु संयुक्त कार्य योजना तैयार करने, विभिन्न राज्यों में सक्रिय अपराधियों, फरार आरोपियों एवं निगम उल्लंघनकताओं की सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान तथा उनके विरुद्ध समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित सभी
थाना प्रभारियों ने अपने विचार साँझा किए।
इसके अतिरिक्त नशा तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु संयुक्त नाकाबंदी/चेकिंग को सुहड़ करने, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग से अपराधों की रोकथाम एवं शीघ्र अनावरण पर विशेष बल
दिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में इस प्रकार की समन्वय बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा, जिससे अंतर्राज्यीय सीमाओं पर शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके। यह बैठक आपसी सहयोग एवं प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।।

