स्पेशल डेस्क, लाहौल-स्पीति: अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केलांग में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक लंबे इंतजार के बाद लाहौल घाटी के लिए अटल टनल बनकर तैयार हुई है, जिसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन अक्तूबर को लाहौल आएंगे।
उन्होंने कहा कि अटल टनल सामरिक दृष्टि से राष्ट्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सुरंग के बनने से लाहौल-स्पीति जिले के आर्थिक, सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि अटल टनल के निर्माण से कृषि, पर्यटन और बागवानी के क्षेत्र में व्यापक विकास योजनाएं शुरू की जाएंगी, जिनसे पूरे जिले की आर्थिकी सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि अटल टनल बनने से पहले लाहौल घाटी लगभग छह माह तक आवाजाही के लिए बंद रहती थी लेकिन अब लाहौल घाटी के लोगों को वर्षभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि सुरंग के निर्माण से लाहौल के लोगों का वर्षों का सपना साकार हुआ है और पूरे क्षेत्र में विकास के प्रति नए उत्साह का संचार हुआ है। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकंडा ने आयोजन से संबंधित विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के अथक प्रयासों से इस सुरंग का कार्य संपन्न हो पाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने टनल की वन स्वीकृतियों के लिए गंभीरता से कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास कार्यों की अनदेखी की। इस अवसर पर मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू भी उपस्थित थे।

