संवाददाता, शिमला: भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार ने किसान हितैषी विधेयक लाए हैं। किसान भाजपा के पक्ष में न हो जाएं, इसलिए विपक्षी बौखला गए हैं। रणधीर शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि बिल पर चर्चा के जवाब में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने यह भी स्पष्ट किया कि एपीएमसी बंद नहीं होगी।हर किसान को इसका स्वागत करना चाहिए।
कांट्रेक्ट फार्मिंग को दुरुस्त करने के लिए यह विधेयक लाए गए हैं। बुआई से पहले ही अब फसल की कीमत तय हो जाएगी। बाजार में जो मूल्य नीचे ऊपर हो जाते हैं, वह नियमित होंगे। किसान की भूमि पर स्वामित्व में कोई दिक्कत आने वाली नहीं है। न्यूनतम समर्थन मूल्य समाप्त नहीं किया जाएगा। पिछले दिन ही सरकार ने छह रबी फसलों का मूल्य तय किया। इन विधेयकों से किसानों को लाभ ही मिलेगा।
भाजपा सरकारों ने किसानों के लिए अनेक योजनाएं दी हैं।पहली बार किसान सम्मान निधि दी है। ई-मंडियां शुरू की गई हैं। फसल बीमा योजना को दुरुस्त किया गया है। इसके अलावा जंगली-जानवरों से बचाव के लिए सोलर फेंसिंग योजना शुरू की गई है। कांग्रेस पार्टी और अन्य विपक्षी दल संसद में अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। संसद की मर्यादा तोड़ने का काम हो रहा है।
रणधीर शर्मा ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर अभद्र टिप्पणी देश की युवा शक्ति का अपमान है। हिमाचल के युवा इसका जवाब देंगे। उन्होंने प्रेस वार्ता में पत्रकारों के सवालों का उत्तर देते हुए कहा की विरोधी दलों ने कई नेताओं को भी देश में गुमराह किया है और अकाली दल के नेताओं के सुझाव भी अनेकों बैठकों में केंद्र सरकार द्वारा किए गए थे।
उन्होंने कहा कि अब किसान जब चाहे जहां चाहे अपनी फसल को अपने दामों पर बेच सकता है उसको अब एक ही मंडी में अपनी फसल बेचने की आवश्यकता नहीं है कांग्रेस पार्टी ने हमेशा दलालों और बिचौलियों का साथ दिया है और आज मोदी सरकार ने इन बिचौलियों की भूमिका को समाप्त कर दिया है।







