मनाली,30 अप्रैल 2026: पालमपुर स्थित चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय (CSKHPKV) में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान एकता कौशिक ने एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
एकता कौशिक ने यह सफलता अपने अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर हासिल की है। उन्होंने अपना शोध कार्य डॉ. अजय सूद के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया, जिसमें उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शोध क्षमता की विशेष सराहना की गई। यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
एकता कौशिक, पिता नेमी प्रसाद और माता तारा देवी की सुपुत्री हैं तथा प्रतिष्ठित पुरोहित परिवार से संबंध रखती हैं। उनके भाई रजत और भाभी मेहुल सहित पूरे परिवार ने इस गौरवपूर्ण क्षण पर हर्ष व्यक्त किया और इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय बताया।
जगतसुख क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने एकता कौशिक की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि एकता की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण को और मजबूत करेगी।