लैमिनी, पठानकोट।
क्षेत्र के युवा समाजसेवी एवं शहीद विक्रांत यूथ क्लब के सक्रिय सदस्य वरुण विक्की ने गवर्नमेंट कॉलेज लैमिनी की लाइब्रेरी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण पुस्तकें भेंट कीं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को यूपीएससी, आईएएस, आईपीएस तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाना है।
इस अवसर पर वरुण विक्की ने कहा कि सरकारी कॉलेजों में अक्सर प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध नहीं होतीं, जिसके कारण विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हर महीने जिला पठानकोट के अंतर्गत आने वाले किसी न किसी सरकारी कॉलेज को प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें भेंट करने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अनेक विद्यार्थी आर्थिक रूप से इतने सक्षम नहीं होते कि वे महंगी प्रतियोगी परीक्षा संबंधी पुस्तकें खरीद सकें। इसलिए कॉलेज की लाइब्रेरी को पुस्तकें उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को समान अवसर मिल सके और वह अपने सपनों को साकार कर सके।
भेंट की गई पुस्तकों में मुख्य रूप से योजना, वर्ल्ड अफेयर्स, करंट अफेयर्स, क्रॉनिकल, कंपटीशन सक्सेस रिव्यू, प्रतियोगिता दर्पण, जनरल अवेयरनेस तथा डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की प्रसिद्ध पुस्तक “विंग्स ऑफ फायर” सहित अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकें शामिल हैं। ये पुस्तकें हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध हैं।
वरुण विक्की ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिलेगी तथा वे भविष्य में उच्च प्रशासनिक सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र एवं देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर गवर्नमेंट कॉलेज लैमिनी के प्रिंसिपल कुलवंत सिंह, प्रोफेसर रविंद्र, बलवान जी, रितेश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
