चंडीगढ़, 18 जून:
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश महामंत्री श्री अनिल सरीन ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन 20 जून से 22 जून तक तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे। अपने इस प्रवास के दौरान श्री नवीन अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में धार्मिक, सामाजिक, संगठनात्मक एवं बौद्धिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में भाग लेंगे।
श्री सरीन ने बताया कि श्री नितिन नवीन 20 जून को अमृतसर पहुंचेंगे और अपने दौरे की शुरुआत श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेककर करेंगे। इसके पश्चात वे ऐतिहासिक जलियांवाला बाग, श्री दुर्गियाना मंदिर तथा श्री राम तीर्थ मंदिर में भी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे तथा पंजाब की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नमन करेंगे। सायंकाल वे जालंधर के लिए रवाना होंगे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
21 जून को श्री नवीन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके उपरांत वे लुधियाना पहुंचेंगे, जहां दुगरी रोड स्थित भाजपा के जिला कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन करेंगे तथा सब-सर्कल इंचार्ज एवं वरिष्ठ संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ एक व्यापक बैठक करेंगे। शाम के समय वे उद्योगपतियों एवं व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे।
श्री सरीन ने आगे बताया कि 22 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा युवा प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान युवा सम्मेलन (यूथ कॉन्क्लेव) का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त भाजपा पंजाब के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों एवं प्रदेश कोर ग्रुप की अलग-अलग बैठकों का भी कार्यक्रम निर्धारित है।
श्री अनिल सरीन ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन का यह दौरा पंजाब में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को नई गति प्रदान करेगा तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भाजपा की पहुंच को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब के भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं और इस दौरे को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
