स्पेशल डेस्क: राजकीय महाविद्यालय हरिपुर (मनाली) में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी सुमित ठाकुर को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में हुए समारोह में उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यह पुरस्कार मिला। शुरू गांव के सुमित को यह पुरस्कार वर्ष 2018 व 2019 में बेहतरीन कार्यों के लिए दिया गया।
ब्यास नदी में आई बाढ़ में असहाय लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने, छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण, टीकाकरण, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर व युवाओं को प्रेरित करने में सुमित ने अहम भूमिका निभाई है। पुरस्कार के लिए सुमित प्रदेश से चयनित होने वाले एकमात्र स्वयंसेवी थे। प्राचार्य विपिन चंद्र राठौर, कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने सुमित को बधाई दी है।


