स्पेशल डेस्क,कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के मनाली में समुद्र तल से दस हज़ार फीट की ऊंचाई पर अत्याधुनिक तकनीक से तैयार अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर हैं। 3 अक्तूबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल टनल रोहतांग को देश को समर्पित करने के लिए मनाली आएंगे। ऐसे में प्रधानमंत्री के मनाली दौरे को लेकर जिला प्रशासन भी अपनी तैयारियों में जुट गया है।
मनाली में उपायुक्त कुल्लू ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक की। वहीं, एसपीजी ने भी मनाली मे डेरा डाल लिया है। उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने बैठक में कुछ अधिकारियों की नदारदगी पर कड़े तेवर अपनाते हुए कहा कि सभी को सौंपी गई जिम्मेवारी का ईमानदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि जिला के लिए यह गौरव की बात है कि देश के प्रधानमंत्री मनाली आ रहे हैं।
वहीं अत्याधुनिक व सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग को देश को समर्पित कर रहे हैं। सभी अधिकारियों को प्रधानमंत्री की मेजबानी करने का सुनहरा मौका मिला है। इस बात को ध्यान में रखकर सभी विशिष्टजनों का जिला का प्रवास आरामदायी व सुविधाजनक सुनिश्चित बनाने के लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला से बाहरी क्षेत्रों को एक अच्छा संदेश जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि कोविड-19 के खतरे के बीच सभी को बहुत सी एहतियात भी बरतनी है।सभी प्रकार के प्रबंध सामाजिक दूरी का पालन करते हुए तथा मास्क व सेनेटाईजर का समुचित उपयोग करते हुए करने हैं।


