चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए स्टार्टअप शुरू करने, निवेश हासिल करने और अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के नए अवसर खुलने वाले हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार और टाई (द इंडस एंटरप्रेन्योर्स) चंडीगढ़ मिलकर उत्तर भारत का सबसे मजबूत नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार कर सकते हैं। इससे युवाओं को रोजगार, तकनीकी मार्गदर्शन, निवेश और उद्यमिता के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे।
हयात रीजेंसी में आयोजित टाई चंडीगढ़ के लीडरशिप कॉन्क्लेव एवं 23वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप्स और तकनीकी कंपनियों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर काम कर रही है। डिजिटल कनेक्टिविटी, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, इनक्यूबेशन सेंटर, कौशल विकास और निवेश प्रोत्साहन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि, बागवानी, फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन, वेलनेस, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में हिमाचल में अपार संभावनाएं हैं। यदि युवाओं को सही मेंटरशिप, वित्तीय सहायता और बाजार तक पहुंच मिले तो प्रदेश देश के प्रमुख इनोवेशन हब के रूप में उभर सकता है।
उन्होंने टाई चंडीगढ़ से स्टार्टअप मेंटरशिप, निवेशक संपर्क कार्यक्रम, विश्वविद्यालयों में इनोवेशन, इनक्यूबेशन सेंटर, फैकल्टी डेवलपमेंट और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में साझेदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के सहयोग से ऐसा मजबूत क्षेत्रीय इकोसिस्टम बनाया जा सकता है, जो युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर देगा।
टाई चंडीगढ़ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने कहा कि संगठन पिछले दो दशकों से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ में स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, निवेशकों से संपर्क, नेटवर्किंग और उद्योग जगत से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश और नवाचार की बड़ी संभावनाएं हैं तथा टाई चंडीगढ़ राज्य सरकार के साथ मिलकर उद्यमिता को नई ऊंचाई देने के लिए तैयार है।
कॉन्क्लेव में 300 से अधिक उद्यमियों, स्टार्टअप फाउंडर्स, निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं ने भाग लिया। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय ‘साझेदारी को मजबूत बनाना, उद्यमिता को आगे बढ़ाना’ रखा गया। सम्मेलन के दौरान टाई चंडीगढ़ ने वर्षभर की उपलब्धियों और स्टार्टअप्स के लिए चलाई जा रही विभिन्न पहलों की भी जानकारी दी।
ब्रह्म अलरेजा होंगे टाई चंडीगढ़ के नए अध्यक्ष
टाई चंडीगढ़ ने वर्ष 2026-27 के लिए ब्रह्म अलरेजा को नया प्रेसिडेंट नियुक्त करने की घोषणा की। वह पहले संगठन के वाइस प्रेसिडेंट रह चुके हैं और लंबे समय से स्टार्टअप्स की मेंटरशिप व नेटवर्किंग से जुड़े हैं। इसी अवसर पर नई गवर्निंग काउंसिल की भी घोषणा की गई।