संवाददाता,शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शिमला के रिज पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना दिया। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि किसान विरोधी तीनों कृषि अधिनियमों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
इसके बाद कांग्रेसी नेताओं ने राजभवन तक रैली निकाली और राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि किसान विरोधी कानून का कांग्रेस कड़ा विरोध कर रही है। इसे तुरंत वापस लिया जाए। इस दौरान पूर्व विधायक आदर्श सूद, महा सचिव संजय अवस्थी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, शिमला शहरी अध्यक्ष जीतेंद्र चौधरी, सैनी राम, यशपाल तनाईक, आनंद कौशल, इंद्रजीत सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।

