हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के जाखोर गांव, शुराचली के निवासी विवेक ठाकुर, पुत्र श्रीमती संतोष ठाकुर एवं श्री बलबीर सिंह ठाकुर (प्रिंस), कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान स्कॉटलैंड के ग्लासगो जा रहे हैं। इस दौरान वे अपनी शिष्या एवं चंडीगढ़ की प्रतिभाशाली जूडो खिलाड़ी ईशरूप नारंग का उत्साहवर्धन करेंगे और प्रतियोगिता के दौरान उनका मनोबल बढ़ाएंगे।
विवेक ठाकुर वर्तमान में खेल विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन में जूडो कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपने कोचिंग करियर में उन्होंने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार किया है, जिनमें कई खिलाड़ियों ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं।
विवेक ठाकुर ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स किसी भी खिलाड़ी के लिए अत्यंत प्रतिष्ठित प्रतियोगिता होती है। उन्हें पूरा विश्वास है कि ईशरूप नारंग अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर पदक जीतने की प्रबल दावेदार हैं। हाल के वर्षों में ईशरूप ने लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी क्षमता साबित की है और इस बार भी वह पूरी तैयारी के साथ उतरेंगी।
इस अवसर पर श्री एन. एस. ठाकुर, सचिव, एमेच्योर जूडो एसोसिएशन, चंडीगढ़, श्री सौरभ कुमार अरोड़ा (PCS), निदेशक, खेल विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन, तथा डॉ. महेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक (स्पोर्ट्स), ने विवेक ठाकुर और ईशरूप नारंग को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि ईशरूप ग्लासगो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और चंडीगढ़ का नाम रोशन करेंगी।
विवेक ठाकुर ने कहा, “ईशरूप ने अपनी मेहनत और समर्पण से इस मुकाम तक का सफर तय किया है। मुझे विश्वास है कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। मेरी शुभकामनाएं और पूरा सहयोग हमेशा उसके साथ है।”