पूनम मेहता, शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने अनलाॅक-5 के दिशा निर्देश जारी कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा निर्देशों को प्रदेश सरकार ने अपनाया है। इसके अनुसार अंतरराज्यीय परिवहन बस सेवा राज्य में बहाल कर दी जाएंगी। राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि सार्वजनिक परिवहन बसों का अंतरराज्यीय आवागमन संचालित कर दिया जाएगा।
हालांकि इसके लिए परिवहन विभाग एसओपी जारी करेगा। एसओपी में निर्धारित मापदंडों के तहत ही दूसरे राज्यों को बसों की आवाजाही शुरू होगी।दिशानिर्देशों के मुताबिक प्रदेश में इंटर स्टेट मूवमेंट पहले की तरह जारी रहेगा और प्रदेश में प्रवेश करने वालों को किसी तरह के पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।
दिशा निर्देशों में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सोशल डिस्टैंसिंग व मास्क पहनने पर अधिक जोर दिया गया है। दिशा निर्देशों में कहा गया है कि बिना मास्क पहने लोगों को सार्वजनिक परिवहन जैसे बसों व टैक्सियों में बिठाने की अनुमति नहीं होगी।





