फोन और कंपनी की वेबसाइट बंद होने का दावा, जमीन की बिक्री पर रोक के लिए कोर्ट में याचिका
चंडीगढ़। मोहाली के सेक्टर-65 स्थित करीब 51 एकड़ जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में मंडी गोबिंदगढ़ के स्टील कारोबारी सहित तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता शिव अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी कर डीएस बिल्डटेक में उनकी हिस्सेदारी को अपने नाम ट्रांसफर कराया गया और इसके बाद नई फर्म श्री गणपति लैंड डेवलपर के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करवाने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपित आदर्श गर्ग, परवीन गर्ग और वेद प्रकाश गर्ग के फोन और कंपनी की वेबसाइट भी बंद हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। शिकायतकर्ता ने कोर्ट में 51 एकड़ जमीन की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर याचिका भी दायर की है।
4.27 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के सौदे का आरोप
शिव अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि 14 मार्च 2022 को हुए एमओयू के तहत उनकी हिस्सेदारी के बदले 4.27 करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर से भुगतान किया जाना था। उनका दावा है कि निर्धारित शर्तों के अनुसार भुगतान नहीं किया गया, इसके बावजूद दस्तावेजों का इस्तेमाल कर डीएस बिल्डटेक में उनकी 45 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने नाम ट्रांसफर करा ली गई।
एमओयू की शर्तें पूरी किए बिना हिस्सेदारी ट्रांसफर करने का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि एमओयू के तहत भुगतान अलग-अलग चरणों में किया जाना था। आरोप है कि निर्धारित भुगतान और अन्य शर्तें पूरी नहीं की गईं, लेकिन पार्टनरशिप डीड के आधार पर उनकी 45 प्रतिशत हिस्सेदारी ट्रांसफर कर दी गई।
शिव अग्रवाल के मुताबिक वह अभी भी फर्म में 10 प्रतिशत हिस्सेदार हैं। उनका आरोप है कि एमओयू, पार्टनरशिप डीड और डिसॉल्यूशन डीड तैयार किए गए थे और इन दस्तावेजों का इस्तेमाल पूरी एवं अंतिम भुगतान राशि मिलने के बाद ही किया जाना था। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने दस्तावेज रजिस्ट्रार ऑफ फर्म्स के समक्ष प्रस्तुत कर उनकी जानकारी और भुगतान के बिना 45 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने नाम करा ली।
नई फर्म बनाकर जमीन की रजिस्ट्री शुरू करने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि श्री गणपति लैंड डेवलपर नाम से नई फर्म बनाकर विवादित जमीन की रजिस्ट्री करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जबकि बयाना डीएस बिल्डटेक के साथ हुआ था। इसी आधार पर उन्होंने जमीन की बिक्री पर रोक लगाने की मांग कोर्ट के समक्ष रखी है।
पासपोर्ट जब्त करने और लुकआउट नोटिस की मांग
शिव अग्रवाल ने कोर्ट से आरोपितों के पासपोर्ट जब्त करने और लुकआउट नोटिस जारी करने की भी अपील की है। उनका कहना है कि आरोपितों के फरार होने की स्थिति को देखते हुए उनके विदेश जाने की आशंका को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
मंडी गोबिंदगढ़ का स्टील कारोबारी भी नामजद
मामले में पंचकूला निवासी आदर्श गर्ग का नाम भी सामने आया है, जिनके बारे में शिकायतकर्ता ने उन्हें मंडी गोबिंदगढ़ का बड़ा स्टील कारोबारी बताया है। शिकायत के अनुसार वह भी इस पूरे विवाद में कथित रूप से शामिल हैं।
पुलिस जांच जारी
मोहाली थाना एसएचओ सिमरजीत गिल के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुलिस कोर्ट के निर्देशों का पालन करेगी और आरोपितों को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के बयान और उपलब्ध जानकारी पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि होना न्यायिक जांच एवं पुलिस कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।

