संवाददाता,शिमला: प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज उत्तर प्रदेश की हाथरस की घटना व कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के साथ हुई बदसलूकी का कड़ा विरोध किया। जिसके चलते प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से डीसी कार्यालय तक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में जंगल राज चल रहा है,जहां लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व महात्मा गांधी की शिक्षाओं का अनुसरण कर रहा है। वहीं गांधी के देश मे आज बहु बेटियों को सरेआम बेइज्जत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की दमनकारी नीतियों से न तो डरेगी और न ही इसके आगे कभी झुकेगी। उन्होंने नए कृषि कानून की भी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने किसनों पर भी एक काला कानून थोप दिया है।
उन्होंने कहा कि इस नए कानून से देश का किसान अपनी फ़सल को मजबूरी में बड़े साहूकारों को सस्ते दामों में बेचने पर विवश होगा। इस कानून में कहीं भी सरकारी खरीद या एमएसपी का कोई उल्लेख नहीं है।देशभर का किसान चिन्ता में है। केंद्र सरकार उनकी किसी भी चिंता को दूर नही कर रही है। कांग्रेस देश के किसानों के साथ खड़ी है और उनके साथ हो रहे अन्याय की लड़ाई को लड़ रही है।
यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जबतक की यह कानून वापिस नही लिए जाते। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने राजीव भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।इस दौरान शिमला जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की उपस्थित पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को शपथ दिलवाई।

