संवाददाता, शिमला: प्रधानमंत्री कार्यालय ने नरेंद्र मोदी के मनाली दौरे में निर्धारित कार्यक्रम में से 45 मिनट की कटौती कर दी है। पीएमओ ने नॉर्थ पोर्टल में 45 मिनट की प्रेजेंटेशन को कार्यक्रम से हटा दिया है। अब प्रधानमंत्री नॉर्थ पोर्टल सिस्सू में सेना की प्रदर्शनी देखेंगे और उसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। अभी तक प्रधानमंत्री का हिमाचल प्रदेश में एक दिवसीय दौरे के तहत 5 घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित था।
पीएम मोदी शनिवार को सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग का लोकार्पण करने के लिए हिमाचल प्रदेश के मनाली पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी सुबह नौ बजे के करीब मनाली के सासे हेलीपैड पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी के दौरे की तैयारी को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक दिन पहले ही मनाली में डेरा डाल दिया है। अभी तक प्रधानमंत्री का हिमाचल प्रदेश में एक दिवसीय दौरे के तहत 5 घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित था।
लेकिन अब पीएमओ ने पहले कार्यक्रम में से 45 मिनट की प्रेजेंटेशन को हटा दिया है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार घंटे से अधिक समय तक प्रदेश में रहेंगे। वहीं अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल पर भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं बननी प्रस्तावित हैं। इस तरह का एक प्रपोजल प्रदेश सरकार द्वारा तैयार किया गया है। जिसके तहत पीर पंजाल की पहाड़ी पर अफगानिस्तान के पत्थरों को काटकर प्रतिमाएं बनाई जानी हैं। अब पीएमओ ने इस प्रेजेंटेशन को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम शेड्यूल से हटा दिया है।


