संवाददाता,शिमला: नरेंद्र मोदी ने रिब्बन काटकर अटल टनल रोहतांग का लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने टनल के साउथ पोर्टल पर लोकार्पण किया। वहीं बीआरओ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने पीएम मोदी को टनल के बारे में जानकारी दी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मनाली के सासे हेलीपैड पर पहुंचे। सासे हेलीपैड पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम जयराम ठाकुर ने उनका स्वागत किया।
इस टनल के जरिए अब सेना इस मार्ग से चीन से सटी सीमा लद्दाख और पाकिस्तान से सटे कारगिल तक आसानी से पहुंच जाएगी। टनल से मनाली और लेह के बीच दूरी 46 किमी कम हो गई है। मात्र डेढ़ घंटे में मनाली से केलांग पहुंच जाएंगे। टनल से सूबे के पर्यटन को भी गति मिलेगी। वहीं उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने निगम की बस को हरी झंडी दिखाकर 15 बुजुर्ग यात्रियों को साउथ पोर्टल की तरफ रवाना किया।
टनल से गुजरने के बाद नॉर्थ पोर्टल में सिस्सू झील के समीप चंद्रा नदी के बीच एक टापू में पीएम मोदी लाहौल के 200 लोगों को संबोधित करेंगे। टनल शुरू होने से अब लाहौल के लोग सर्दियों में बर्फबारी के चलते छह माह तक शेष दुनिया से नहीं कटेंगे।

