स्पेशल डेस्क,वाराणसी : केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हाथरस मामले को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा राजनीतिक है। कांग्रेस सांसद सियासी नाटक कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीएम योगी से बात हुई है। उन्होंने न्याय का भरोसा दिलाया है। पीड़िता को जरूर न्याय मिलेगा। केंद्रीय मंत्री शनिवार को 11 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं।
हवाई अड्डे पर उन्होंने पत्रकारों से बात नहीं की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से हाथरस की घटना को लेकर मीडिया कर्मियों ने सवाल किया। उन्होंने मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने कमिश्नरी सभागार में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि राहुल गांधी का हाथरस दौरा केवल एक राजनीतिक है। उन्होंने कहा की महिलाओं के मुद्दे, राजनीतिक मुद्दे नहीं, बल्कि राष्ट्रीय मुद्दे हैं।
ईरानी ने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने खुद उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की है और वो सीएम द्वारा आश्वस्त महसूस करती हैं कि फास्ट ट्रैक कोर्ट जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। केंद्रीय मंत्री ने ये भी बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की एक अधिकारी ने परिवार और इंचार्ज अधिकारियों से संपर्क किया है। इस मामले में जल्द ट्रायल होगा और आरोपियों को जल्द फांसी की सजा सुनाई जाएगी।







