बगशाड़। ग्राम पंचायत बगशाड़ द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचायत परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छोटे बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया, वहीं महिलाओं और युवाओं ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत प्रधान कमल ठाकुर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम में बीडीसी वाइस चेयरमैन रोशनी देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि भारतीय सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त भूरी श्रवण ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथियों का पंचायत की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद पंचायत उपप्रधान बलदेव चौहान ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और ग्रामीणों का स्वागत किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं और युवाओं को इस तरह के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके पश्चात विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें महिलाओं और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में महिला मंडल फलिंडी की प्रीति ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि महिला मंडल गौतमनगर की पुष्पा रनर अप रहीं। घड़ा फोड़ प्रतियोगिता में शाओंगी की उमा विजेता रहीं, जबकि महिला मंडल मंडप की रीमा ने रनर अप स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में आयोजित ग्रुप सॉन्ग प्रतियोगिता में महिला मंडल बैहली धार ने प्रथम स्थान हासिल किया और शाओंगी की टीम रनर अप रही।
इसके बाद आयोजित भाषण प्रतियोगिता में महिला मंडल मंडप की सीमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला मंडल गौतमनगर की सीमा रनर अप रहीं। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और युवा शक्ति जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में संसद में भाषण दे चुके हर्ष ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान कमल ठाकुर तथा बीडीसी वाइस चेयरमैन रोशनी देवी शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रोशनी देवी ने सभी प्रतिभागियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के लिए पंचायत की पहल की सराहना करते हुए ₹1,100 की धनराशि कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रदान की तथा महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विशिष्ट अतिथि एवं भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त भूरी श्रवण ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की रक्षा में तैनात जवानों की भावनाओं और उनके त्याग को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ केवल एक पर्व मनाना नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना भी है।
ग्राम पंचायत प्रधान कमल ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत द्वारा महिलाओं और युवाओं के लिए सांस्कृतिक, खेल एवं अकादमिक गतिविधियां आयोजित करने का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवा तथा महिलाएं सामाजिक गतिविधियों में आगे आती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है तथा महिला मंडल और युवक मंडल जैसे सामाजिक संगठनों को पंचायत के विकास और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
प्रधान कमल ठाकुर ने स्वतंत्रता के व्यापक अर्थ पर जोर देते हुए कहा कि भारत की आजादी को केवल कुछ वर्षों के संघर्ष तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता, बल्कि यह हजारों वर्षों के ऐतिहासिक संघर्ष, पराधीनता और निरंतर प्रतिरोध के बाद प्राप्त हुई स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि आजादी केवल कागजों पर या अधिकारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से भी स्वतंत्र होना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि पंचायत क्षेत्र में कहीं भी जुआ, शराब का सेवन या अन्य सामाजिक कुरीतियां एवं व्यसन दिखाई दें तो महिला मंडल, युवक मंडल और अन्य सामाजिक संगठन खुलकर सामने आएं तथा जागरूकता एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से इनके खिलाफ अभियान चलाएं।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता, सामाजिक जागरूकता और युवाओं तथा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से ग्राम पंचायत बगशाड़ को एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा पंचायत की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया गया।
