स्पेशल डेस्क, लखनऊ : हाथरस में हुए कथित गैंगरेप पर बढ़ रहे विवाद के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने इस घटना की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है। आज परिजनों से मिलने पहुंचे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने न्यायिक जांच की मांग की थी। मृतका के परिवार ने अभी तक की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा था कि पुलिस मामले की लीपापोती करने की कोशिश कर रही है।
आज ही परिजनों से मिलने आए उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त सचिव अवनीश अवस्थी और डीजीपी एचसी अवस्थी ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि परिजनों ने न्याय दिलाने की मांग की है और सरकार निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेगी। दिल्ली से करीब 160 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के हाथरस के चंदपा थानाक्षेत्र के इस गांव में 14 सितंबर को एक दलित युवती के साथ कथित तौर पर ठाकुर जाति के चार लोगों ने बलात्कार किया था।
थाने मे दी गई अपनी पहली एफ़आईआर में परिवार की ओर से बलात्कार के आरोप नहीं लगाए गए थे। बाद में अस्पताल में दिए गए पीड़िता के बयान के आधार पर गैंगरेप का मुकदमा दर्ज करके चारों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया था। मृतका का परिवार अभियुक्तों को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग कर रहा है।







