स्पेशल डेस्क,नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश स्थित हाथरस में कथित तौर पर गैंगरेप पीड़िता का रात में अंतिम संस्कार करने पर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट दाखिल किया है। सरकार ने दावा किया है कि वह चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट सीबीआई जांच की निगरानी करे। सरकार ने यह भी दावा किया कि परिवार के सदस्य भविष्य में हिंसा के आसार देखते हुए आधी रात में अंतिम संस्कार के लिए सहमत हुए और यह कानून और व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए किया गया।
यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि ‘पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बलात्कार का जिक्र नहीं किया। उसने अपने दूसरे बयान में बलात्कार का आरोप लगाया और सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि 19 वर्षीय दलित महिला के साथ सामूहिक बलात्कार और हत्या की सीबीआई जांच या एसआईटी जांच की मांग करने वाली जनहित याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा।







