संवाददाता,शिमला: वीकेंड पर हिल्स क्वीन शिमला घूमने आए हजारों सैलानी रविवार शाम तक जहां वापसी करना शुरू कर देंगे वहीं दूसरी ओर शहर के सभी बाजार भी बंद रहेंगे। शहर में सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें ही खुली रहेंगी। ऐसे में कई सैलानी शिमला से याद के तौर पर किसी सामान की खरीदारी रविवार को नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा शहरवासी भी परिवार के साथ छुट्टी के दिन शॉपिंग नहीं कर पाएंगे।
श्रम विभाग ने रविवार से शहर के बाजारों में सभी दुकानों को बंद रखने के दिशा निर्देश दिए हैं। श्रम कानूनों को लागू करने का हवाला देते हुए कारोबारियों को सहयोग करने को कहा है। शिमला व्यापार मंडल समेत शहर के कारोबारी आज से हर रविवार को बाजार बंद रखेंगे लेकिन दूसरी ओर कारोबारियों का एक तबका ऐसा भी है जो वीकेंड पर बाजार बंद रखने के पक्ष में नहीं है। श्रम विभाग की सख्ती के बाद बाजार तो बंद रखने जा रहे हैं, लेकिन इनका मानना है कि इस फैसले से कारोबारियों को घाटा होगा और शिमला से लौट रहे सैलानी भी निराश होंगे।
कारोबारियों के एक तबके का कहना है कि वीकेंड पर दुकानें बंद नहीं होनी चाहिए। कोरोनाकाल के बाद अब सैलानियों की आमद बढ़ी है, ऐसे में दुकानें खुली रहनी चाहिए। खासकर मालरोड और लक्कड़ बाजार एरिया के कारोबारियों की सेल वीकेंड पर काफी बढ़ जाती है। इसलिए वीकेंड की जगह किसी दूसरे दिन बाजार बंद रखने को भी तैयार हैं। लेकिन नियमानुसार शहर के बाजारों को अलग-अलग दिन बंद नहीं किया जा सकता। इसलिए पूरे शहर पर एक ही नियम लागू किया है
शहर में रविवार को सिर्फ दवाइयों, दूध, सब्जी की दुकानें और ढाबे आदि ही खुले रहेंगे। वहीं अब सख्ती बरती जा रही है। यदि शहर में रविवार को कोई कारोबारी दुकान खोलेगा तो उसका श्रम कानूनों के तहत चालान कट सकता है। कई कारोबारी और सेल्समैन रविवार को बाजार बंद का समर्थन कर रहे हैं। यह व्यापार मंडल की अगुवाई में जिला प्रशासन से भी मिल चुके हैं। इसके बाद से श्रम विभाग ने बाजार में सख्ती की है।


