संवाददाता,शिमला: हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में पोस्ट ग्रेजुएशन में प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिले की मांग पर हंगामा जारी है। इसी सिलसिले में सोमवार शाम को वाइस चांसलर के घर छात्रों ने हल्ला बोला दिया। तीनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने टीचर्स कॉलोनी में वाइस चांसलर प्रोफेसर सिकंदर कुमार के घर के बाहर जमकर नारेबाजी की।
एबीवीपी,एसएफआई और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने करीब पौने घंटे तक नारेबाजी की और वाइस चांसलर से बात करने की मांग करते रहे। तीनों संगठनों ने एक सुर में कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर कुलपति अपने कार्यालय और परिसर के भीतर बात करने को राजी नहीं थे, इसलिए उन्हें मजबूरी में उनके घर के बाहर प्रदर्शन करना पड़ा।
इस बीच कुलपति की मां की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके चलते तीनों संगठनों ने धरना खत्म कर दिया। साथ ही कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्रों के साथ अन्याय कर रहा है। यूजीसी की गाइडलाइन और कोरोना की आड़ में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

