स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार की शाम को राष्ट्र के नाम संदेश दिया। देश में कोरोना वायरस के प्रकोप के बाद से पीएम मोदी ने सातवीं बार देश को संबोधित किया है। पीएम मोदी ने कहा, ‘जनता कर्फ्यू से लेकर अब तक हमने लंबा सफर तय किया है। समय के साथ आर्थिक गतिविधियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। हम में से अधिकांश लोग अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए, फिर से जीवन को गति देने के लिए, रोज घरों से बाहर निकल रहे हैं।
त्योहारों के इस मौसम में बाजारों में भी रौनक धीरे-धीरे लौट रही है। पीएम मोदी ने कहा, ‘लेकिन हमें ये भूलना नहीं है कि लॉकडाउन भले चला गया हो, वायरस अभी नहीं गया है। बीते 7-8 महीनों में, प्रत्येक भारतीय के प्रयास से, भारत आज जिस संभली हुई स्थिति में है, हमें उसे बिगड़ने नहीं देना है।
पीएम मोदी ने कहा कि दूसरे देशों की तुलना में भारत में प्रति 10 लाख की जनसंख्या में कम केस आए हैं। आज देश में रिकवरी रेट अच्छी है, मृत्यु दर कम है। दुनिया के साधन-संपन्न देशों की तुलना में भारत अपने ज्यादा से ज्यादा नागरिकों का जीवन बचाने में सफल हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में टेस्ट की बढ़ती संख्या हमारी एक बड़ी ताकत रही है।


